पानीपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो की आपत्तिजनक टिप्पणी से देश में रोष है। पानीपत में भाजपा ने सनौली रोड पर पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो का पुतला फूंका और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। भाजपाइयों ने यहां पाकिस्तान के खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शन किया।
पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने पाकिस्तान में एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस बयान की हर जगह निंदा हो रही है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी पाकिस्तान को खरी-खरी सुनाई है। भाजपा के जिला महामंत्री रविंद्र भाटिया ने कहा कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो का बयान बेहद शर्मनाक है। वह गैरजिम्मेदार नेता हैं, इसलिए पाकिस्तान की आर्थिक हालत बद से बदतर हो रही है। संयुक्त राष्ट्र में भारत विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पाकिस्तान को खरी-खरी सुनाई है। पाकिस्तान आतंकियों का अड्डा है। रविंद्र भाटिया ने कहा कि भारत की दुनिया भर में साख और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता से पाकिस्तान बौखला गया है। इस मौके पर प्राण रत्नाकर, महावीर दहिया, रफाकत हसन, रविंद्र पांचाल, दिनेश पुजारा, सुनील परधाना, अनीता चावला, अशोक कालरा, पंकज पंडित, कृष्ण नोहरा, दिवाकर मेहता, सुनील कंसल व सूरज वर्मा मौजूद रहे।