पानीपत। असंध रोड रेलवे अंडर ब्रिज पर तीन बदमाश बिस्किट एजेंसी मालिक से 1.28 लाख रुपये लूट ले गए। एजेंसी मालिक शनिवार रात आठ बजे बिशन स्वरूप कॉलोनी स्थित अपने कार्यालय से अपने घर मॉडल टाउन जा रहा था। एजेंसी के मालिक ने बदमाशों से काफी संघर्ष किया, लेकिन उन्होंने उसकी बाजू में चाकू घोंप दिया और बैग से पैसे निकाल लिए। बदमाश वारदात को अंजाम देकर रामलाल चौक की ओर फरार हो गए। घायल एजेंसी मालिक ने जिला नागरिक अस्पताल में अपना इलाज कराया और इस वारदात की शिकायत जीआरपी को दी। जीआरपी ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। अब आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है।
मॉडल टाउन निवासी गगनदीप ने बताया कि उसके पास ब्रिटानिया बिस्किट की एजेंसी है। उसका बिशनस्वरूप कॉलोनी में कार्यालय है। वह हर रोज रात को आठ साढ़े आठ बजे कार्यालय बंद कर पेमेंट लेकर अपने घर जाता है। वह शनिवार रात को काम खत्म कर कार्यालय से बैग में 1.28 लाख रुपये की पेमेंट लेकर अपने घर जा रहा था। असंध रोड पर रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे तीन युवक बुलेट मोटरसाइकिल लेकर खड़े थे। उसको इन युवकों की मंशा का आभास हो गया था। उसने तेजी के साथ एक्टिवा गुजारनी चाही तो इन्होंने उसको धक्का दे दिया। वह एक्टिवा समेत गिर गया। फिर इन्होंने उसके मुंह पर मुक्के मारे और उससे बैग छीनने लगे। उसने बैग नहीं छोड़ा तो एक युवक ने उसकी बाजू पर चाकू से हमला कर दिया। फिर उसके हाथ से बैग की चेन छूट गई। वह बैग से 1.28 लाख रुपये निकालकर वहां से फरार हो गए। उसने वारदात की सूचना पुलिस व परिजनों को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। परिजन उसे जिला नागरिक अस्पताल लेकर गए, यहां उसका इलाज हुआ।
वारदात को रेकी कर अंजाम दिया गया है। वारदात से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बदमाशों को गगनदीप के आने का समय व आने-जाने का रास्ता पता था। उनको यह भी पता था कि गगनदीप के पास काफी कैश होता है। बदमाशों ने वारदात के लिए रेलवे अंडर ब्रिज चुना, क्योंकि वहां रात को अंधेरा होता है। अब जीआरपी मामले की विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
आरोपियों को जल्द पकड़ लेंगे- जीआरपी प्रभारी
जीआरपी थाना प्रभारी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि असंध रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित की शिकायत पर मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।