मतलौडा। गांव दरियापुर के पास सफीदों से मोटरसाइकिल पर आ रहे दो युवकों को हरियाणा रोडवेज की बस ने टक्कर मार दी। दोनों व्यक्ति गड्ढे में जा गिरे। राहगीरों ने दोनों घायलों को जिला नागरिक अस्पताल में भिजवाया। जहां से डॉक्टरों ने दोनों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया है। पुलिस ने घायलों के बयानों पर बस चालक पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ऊंटला गांव निवासी जोगिंदर ने बताया कि वह सफीदों में एक फैक्ट्री में काम करता है। वह आठ नवंबर को अपने दोस्त सावन निवासी लोहारी की मोटरसाइकिल पर छुट्टी के बाद पानीपत की तरफ आ रहा था। जब वह गांव दरियापुर के पास टाटा मोटर के सामने पहुंचे तो पानीपत की तरफ से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। वह सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे। उसने बस का नंबर नोट कर लिया। सावन की स्थिति गंभीर होने के कारण वह बयान नहीं दे पाया। उनका रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है।