समालखा। जीटी रोड पर मनाना फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय एक बाइक पर सवार मच्छरौली गांव के दो युवक पीछे से आ रहे पूर्व सीएम मनोहर लाल के काफिले को देखकर संतुलन खो बैठे और सड़क पर जा गिरे। जिससे दोनों चोटिल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल अपने लाव लश्कर के साथ सोनीपत से भाजपा प्रत्याशी मोहनलाल बड़ौली का नामांकन भरवाने जा रहे थे। जैसे ही उनका काफिला समालखा के मनाना फ्लाईओवर पर पहुंचा तो आगे जा रहा बाइक सवार पीछे से वीआईपी काफिले को देखकर घबरा गए और असंतुलित होकर जीटी रोड की तीसरी लाइन से पहली लाइन में आकर हड़बड़ी में नीचे गिर गए। घायलों की पहचान मच्छरौली गांव के निवासी अर्जुन और रोहित के रूप में हुई है। जो किसी काम से समालखा बाजार में आ रहे थे। दुर्घटना के बाद पूर्व सीएम के काफिले में सवार कमांडो ने ट्रैफिक पुलिस की मदद से उन्हें सरकारी अस्पताल पहुंचाया। समालखा चौकी इंचार्ज वीरेंद्र कुमार व ट्रैफिक इंचार्ज सतीश कुमार ने बताया कि बाइक सवार युवक जो मच्छरौली से समालखा की ओर आ रहे थे। पीछे से आ रहे वीआईपी काफिले को देखकर घबरा गया और असंतुलित हो कर तीसरी लाइन से पहली लाइन में आकर गिर गए। बाइक पर सवार दोनों युवकों की हालत खतरे से बाहर हैं। उन्होंने पुलिस को दी लिखित शिकायत में अपनी ग़लती स्वीकार की है।