पानीपत। वार्ड दस के सनौली रोड स्थित पुरानी सब्जी मंडी में बैठे मासाखोरों को वार्ड नौ स्थित किला क्षेत्र वाटर वर्क्स की जमीन पर शिफ्ट करने के लिए बनाई जाने वाली नई सब्जी मंडी को अब निगम और बड़ा करने जा रहा था कि इस काम को वक्फ बोर्ड ने बीच में ही रुकवा दिया है। वक्फ बोर्ड ने निगम अधिकारियों को बढ़ाई जाने वाली अतिरिक्त जमीन की लीज लेने को कहा है। वक्फ का कहना है कि पहले जमीन लीज पर ली जाए इसके बाद काम शुरू कराया जाए। वहीं, वक्फ ने निगम को पांच प्रतिशत का किराया बढ़ाकर देने के लिए भी निगम से पत्राचार किया है।
निगम ने इस जमीन को 20 हजार रुपये की मासिक दर से किराए पर लिया था। निगम से एक मार्च 2023 से लेकर 28 फरवरी 2024 तक का किराया वसूला जा चुका है। अब लीज राशि पर पांच प्रतिशत की वार्षिक दर से बढ़ाकर निगम को अदा करने के लिए कहा गया है। जो कि एक मार्च 2024 से लेकर 28 फरवरी तक 21000 रुपये मासिक दर के हिसाब से सालाना 2.52 लाख रुपये लीज राशि की निगम से डिमांड करते हुए निगम को 20 मार्च पत्राचार किया गया है। जिस पर निगम अधिकारियों का कहना है कि वे किराया जमा करवाने के साथ जमीन को लीज पर लेने के लिए सोमवार को आवेदन कर देंगे।
उल्लेखनीय है कि किला क्षेत्र की वाटर वर्क्स की जमीन पर बनी सब्जी मंडी का रास्ता काफी तंग था। इसे चौड़ा करने और दोनों ओर शेड बनाने के लिए निगम ने यहां निर्माण शुरू करा दिया। अतिरिक्त जमीन पर निर्माण की सूचना पर वक्फ बोर्ड ने निगम के ठेकेदार को काम करने से रोक दिया। इस काम पर अतिरिक्त 20 लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव तक बनाया गया है। जबकि इससे पहले नवनिर्मित मंडी पर निगम करीब एक करोड़ खर्च कर 165 मासाखोरों के लिए फड़ बना चुका है। जगह की कमी को देखते हुए यहां से पेड़ों का भी काटा गया था। वहीं, तंग जगह वाले पांच फड़ भी तोड़े गए थे। इसके बाद भी मंडी का एंट्री प्वाइंट तंग होने की वजह से अब जनस्वास्थ्य विभाग के पुराने दफ्तर की कुछ जमीन का हिस्सा लिया गया है। ताकि प्रवेश द्वार चौड़ा होने पर सब्जी की गाड़ियां मंडी में आसानी से प्रवेश कर सकें। इसके अलावा दोनों ओर अतिरिक्त शेड भी बनाए जा सकें। यहां नए शेड बनने से इसके नीचे वाली जमीन पर निगम करीब 50 अतिरिक्त फड़ भी बना सकेगा।
बॉक्स
पहले भी हो चुका है मंडी का विरोध
किला क्षेत्र की जमीन पर निगम अब तक करीब सवा करोड़ रुपये खर्च कर चुका है। जिस दिन से निगम ने यहां काम शुरू कराया था उसी दिन से इस मंडी का विरोध हो रहा है। मासाखोर तक यहां आकर विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। वहीं इस मंडी का पिछला गेट वार्ड सात की एक तंग गली में खुलता है। वार्ड के लोगों की गुजारिश पर निगम के निवर्तमान पार्षद अशोक कटारिया भी विरोध कर चुके हैं। बावजूद निगम इसे अब और बड़ा बनाने जा रहा है।
वर्जन-
सोमवार को वक्फ बोर्ड में जमीन की लीज के लिए आवेदन कर दिया जाएगा। अगर किराया अब तक जमा नहीं हुआ है तो सोमवार को करा दिया जाएगा।
अजय छौक्कर, जेई, नगर निगम।