इसराना। पानीपत-गोहाना हाईवे पर इसराना में राम सिंह धर्मकांटा के पास शुक्रवार को रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। इसराना थाना ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। इसके साथ रोडवेज बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पानीपत के अजीजुल्लापुर गांव के शशी ने बताया कि वह मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिला के अंतर्गत सूकल बांस, साहोडी गांव का रहने वाला है। वह अब अजीजुल्लापुर गांव के पास झुग्गी में रहता है। उसका भाई टिंकू परढाना रोड फाटक के पास झुग्गी में रहता है। टिंकू शुक्रवार को अपनी बाइक पर अपनी मां से मिलने पानीपत जा रहा था।
वह इसराना में राम सिंह धर्मकांटा के पास से रोड पार कर स्वराज एजेंसी की तरफ पानीपत जाने के लिए चला तो रोडवेज की एक बस की चपेट में आ गया। उसे गंभीरावस्था में एनसी मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां चिकित्सक ने उसके भाई टिंकू को मृत घोषित कर दिया। संवाद