पानीपत। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2024 कार्यक्रम के तहत वीरवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन कक्षा छह से आठवीं के खंड स्तर पर विजेता रहे प्रतिभागियों ने भाग लिया। गीता जयंती पर आधारित प्रतियोगिताओं में बच्चों ने गीता पर अपनी शानदार प्रस्तुति दी।
खंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजेता तीन बच्चों ने पेंटिंग, भाषण, संवाद, प्रश्नोत्तरी, संवाद, श्लोक, निबंध प्रतियोगिताओं में भाग लिया जिसके माध्यम से बच्चों ने गीता के महत्व एवं कर्म को दर्शाया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को नौवीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियाें की प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएंगी। विद्यालय शिक्षा विभाग हरियाणा की ओर से प्राप्त निर्देशानुसार गीता महोत्सव-2024 के तहत जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा के नेतृत्व में प्रतियोगिताओं का आयोजन जीटी रोड स्थित आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में किया गया।
प्रतियोगिताओं की शुरुआत करते हुए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद्र और बीईओ पानीपत बिजेंद्र हुड्डा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2024 के तहत खंड स्तरीय पर विजेता बच्चे गीता महोत्सव की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने पहुंचे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन जिला कॉर्डिनेटर ललित कला प्राध्यापक प्रदीप मलिक और उप जिला कॉर्डिनेटर संजीव शास्त्री की अगुवाई में किया गया।