Beginning of water harvesting, water level will be recharged and relief from waterlogging
- फोटो : Panipat
नगर निगम ने बरसाती पानी के संचय और इसके दोबारा इस्तेमाल की कवायद शुरू कर दी है। 10 रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के टेंडर निगम ने खोल दिए हैं और बंद पड़े आठ पुराने बोर खोज लिए गए हैं। जिन्हें रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम में बदला जाएगा।
इसके अलावा करीब 20 करोड़ रुपये की लागत स्ट्रॉम वॉटर लाइन बिछाने के प्रोजेक्ट पर खर्च करने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट को अगली बरसात से पहले पूरा कर लिया जाएगा। जिससे शहर के बरसाती पानी की निकासी की समस्या से छुटकारा मिलेगा। जल संचय की कवायद के लिए सिर्फ वार्ड नंबर-10 के सेक्टर 11-12 के लिए साढ़े 10 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। इस जगह को चुनने की वजह है कि किला क्षेत्र और ड्रेन नंबर-1के बीच में होने की वजह से यह क्षेत्र ढलान पर है और यहां पर जलभराव अधिक है।
वार्ड-10 के पार्षद के सुझाव के बाद शुरू किया जल संरक्षण पर काम
वार्ड नंबर-10 के पार्षद रविंद्र भाटिया ने 10 नए रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और 8 पुराने बंद हो चुके सबमर्सिबल के बोर को रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम में बदलने का सुझाव दिया था। पार्षद का कहना है कि अगली बरसात पहले इस काम का पूरा कर लिया जाएगा। लोगों की सहमति से उनकी छत पर रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे।
निगम के इंजीनियरों ने बताया कि रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम से जमीन के अंदर बोर करके या बंद बोर का इस्तेमाल करके छतों और सड़क के पानी को जमीन के अंदर छोड़ा जाता है, इससे वॉटर लेवल रिचार्ज होता है, जिससे घटते हुए जलस्तर को ऊपर उठाया जा सकता है। वहीं, स्टॉम वॉटर पाइप लाइन प्रोजेक्ट में हुडा की तर्ज पर सीवरेज की तरह ही पाइप लाइन बिछाई जाती है, इसके लिए चैंबर भी बनाए जाते हैं। इनसे होकर बरसाती पानी को ड्रेन तक पहुंचाया जाता है।
नगर निगम ने पालिका बाजार की पार्किंग में जनस्वास्थ्य विभाग के बंद पड़े ट्यूबवेल को रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम में बदलने का काम शुरू कर दिया है। इसका निर्माण चल रहा है। जीटी रोड से लेकर नगर निगम की छत तक का साफ पानी इसके माध्यम से जमीन के अंदर पहुंचाया जाएगा। वहीं, वार्ड नंबर दस में कॉलोनी के लोगों से उनकी छत के पानी को संचय करने की मंजूरी ली जा रही है। बंद बोर का चयन किया जा चुका है। छह रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के लिए 18 लाख और 4 रेन वॉटर हार्वेस्टिंग के लिए 6 लाख रुपये का बजट मंजूर हो चुका है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी अमल में लाई जा रही है।