थाना क्षेत्र के गांव डिडवाड़ी में सोमवार को पंचायत चुनाव में रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक दलित परिवार के लोगों पर हमला कर दिया।
हमले में महिला एवं बच्चों सहित कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने पंचायत चुनाव में वोट नहीं देने पर खिन्न होकर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
घटना के बाद गांव में तनाव बढ़ गया है। समालखा पुलिस ने 23 लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किए हैं।
समालखा थाना प्रभारी रवि खुंडिया ने बताया कि सोमवार को एक दलित परिवार पर किए गए हमले में महिलाओं और बच्चों सहित कई लोगों को चोट आई।
इस दौरान काफी देर तक जमकर लाठियां चलीं। पीड़ित पक्ष ने शिकायत देकर बताया कि पंचायत चुनाव में सरपंच पद के खड़े प्रत्याशी के समर्थकों ने उनसे वोट नहीं देने का उलाहना देते हुए उनके साथ मारपीट की।
परिवार के लोगों ने घरों में छिपकर अपनी जान बचाई। शिकायत में शमशेर, चांद, सुभाष, अशोक, तेजबीर, अनिल, अमित, रामपाल व संदीप सहित 23 लोगों को नामजद करते हुए एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं गांव में वारदात के बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है।