पानीपत। देशबंधु गुप्ता राजकीय कॉलेज के बाहर खड़े छात्र पर 20 युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर हाथ-पैर तोड़ दिए और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को दी है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिंगपुरा सिठाना गांव निवासी रोहित ने बताया कि वह देशबंधु कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र है। वह 28 नवंबर को दोपहर दो बजे लेक्चर लगाकर बाहर निकला तो वह गेट पर लगी चाऊमीन-बर्गर की रेहड़ी के पास जाकर खड़ा हो गया। कुछ देर बाद गांव का राजा, राहुल आ गए। उनके 15-20 मिनट बाद 20 युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर लाठी-डंडे लेकर आए और उससे नाम-पता पूछने लगे। उसने नाम-पता बताया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसका हाथ तोड़ दिया। आरोपियों की पहचान निजामपुर निवासी राहुल, उसके दोस्त रोहन, दीपांशु, सुमित, सोनू व बली निवासी गांजबड़ के रूप में है। उसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।