कैथल। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से डेंगू, चिकनगुनिया व मलेरिया की बीमारी से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान लोगों को बीमारी से बचाव को लेकर जानकारी दी जा दी है। बुखार से पीड़ित लोगों के खून के नमूने लिए जा रहे हैं।
नागरिक अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड भी बनाया हुआ है। इसी कड़ी में विभाग की विभिन्न टीमों ने कैथल शहर सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया। जिले में इस साल मलेरिया का एक केस सामने आ चुका है। जबकि डेंगू के 10 मरीज मिल चुके हैं। पिछले साल डेंगू के 77 केस मिले थे। डेंगू से बचाव को लेकर लोगों को जानकारी दी जा रही है।
स्वास्थ्य कर्मियों ने डोर-टू-डोर अभियान के तहत लोगों को बताया कि घरों के बाहर पानी जमा न होने दें, कूलरों की सफाई करें, फ्रिज की ट्रे, गमले व छतों पर रखे पुराने सामान की सफाई करें, ताकि मच्छर पैदा न हो। स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सिविल सर्जन डाॅ. नीरज मंगला ने बताया कि डेंगू व चिकनगुनिया को लेकर विभाग सतर्क है।
लोगों से भी अपील है कि सरकारी अस्पतालों में जांच निशुल्क होती है और प्राइवेट अस्पताल के लिए 600 रुपये निर्धारित किए हुए हैं। अगर कोई लैब संचालक इससे ज्यादा लेता है तो कार्रवाई की जाएगी। संवाद