पानीपत। थाना चांदनीबाग क्षेत्र की एक कॉलोनी में रह रही उत्तराखंड की युवती ने समालखा निवासी एक युवक पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा दिया और पांच माह की गर्भवती होने पर उसका गर्भपात भी कराया। अब युवक दूसरी युवती से शादी कर रहा है और 8 नवंबर को उसकी शादी है। चांदनीबाग थाना पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उत्तराखंड के रुद्रपुर की रहने वाली युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह चार साल से पानीपत के चांदनीबाग थाना क्षेत्र में एक कॉलोनी में रह रही है और एक कंपनी में काम करती है। वहीं पर समालखा क्षेत्र का अंकित नाम का एक युवक भी काम करता था। पहचान होने पर युवक ने उसका नंबर ले लिया। आरोपी उसके कमरे पर पहुंचा और शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। इसके बाद वह लगातार उसका यौन शोषण करता आ रहा है जिससे वह गर्भवती हो गई।
मार्च 2025 में युवक ने उसका गर्भपात करा दिया। अब युवक उससे शादी करने से इन्कार कर रहा है। युवक की शादी कहीं और तय हो गई है। युवती का कहना है कि 8 नवंबर को आरोपी की शादी होनी है। चांदनीबाग थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवती ने एक युवक पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-गौरव, प्रभारी थाना चांदनीबाग