नांगलखेड़ी निवासी एक युवक को धोखाधड़ी से उसके ही दोस्त ने गांव के अड्डे पर बुलाया और जबरदस्ती होंडा सिटी गाड़ी में डालकर उसे खाली प्लॉट में ले गए। जहां पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपी दोस्त ने उस पर तलवार से हमला किया। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में नांगलखेड़ी निवासी सन्नी पुत्र धर्मबीर ने बताया कि गत 17 फरवरी को उसके दोस्त निशांत ने उसे गाड़ी खराब होने की बात कहकर गांव के अड्डे पर बुलाया। जब वह गांव के अड्डे पर पहुंचा तो वहां निशांत अपने तीन से चार अन्य दोस्तों संग खड़ा हुआ था। गाली गलौच करते हुए उसे जबरन गाड़ी में डाल सिंगला पैलेस होटल के पास एक खाली प्लाट में ले गए। जहां पर पांचों आरोपियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि दोस्त निशांत ने उस पर तलवार से हाथ पर वार किया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। सेक्टर 29 थाना से एएसआई कवरभान ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित सन्नी की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है, जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।