सिविल अस्पताल में घायल छात्र ललित व परिजनों से पुछताछ करती पुलिस ।
- फोटो : panipat
कृष्णपुरा मोड़ पर आइटीआई से घर लौट रहे बाइक सवार छात्र को मंगलवार दोपहर दूसरी बाइक पर आए चार बदमाशों ने चाकुओं से गोद दिया। बदमाशों ने युवक पर एक के बाद छह वार किए। खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े घायल छात्र को बदमाशों ने गोली मारकर जान से मारने की भी कोशिश की। छात्र ने वहां से भागकर करीब 80 मीटर दूर एक गली में छिपकर जान बचाई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर कृष्णपुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची व घायल छात्र को सामान्य अस्पताल भिजवाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। घायल छात्र ने पुलिस को दी शिकायत में एक नामजद सहित 4 बदमाशों को आरोपी बनाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
पहले बाइक पर टक्कर मार नीचे गिराया, फिर 6 बार चाकुओं से किए वार :
अनाज मंडी चौक स्थित आईटीआई में मैकेनिकल स्ट्रीम के पहले साल के छात्र ललित (21) पुत्र जसमेर निवासी गांव उफली कस्बा घरौंडा जिला करनाल निवासी पानीपत रिफाइनरी के पास जीतगढ़ स्थित अपने मामा कृष्ण के घर पर रहता है। ललित हमेशा की तरह मंगलवार दोपहर आईटीआई से घर बाइक से लौट रहा था। जब वह कृष्णपुरा मोड़ के पास पहुंचा, पीछे से एक बाइक चालक ने टक्कर मार उसे बाइक समेत नीचे गिरा दिया। उसके नीचे गिरते ही पिछली बाइक से पिस्तौल, तलवार व चाकू आदि हथियारों से लैस 4 बदमाश उतरे व उस पर हमला कर दिया। बदमाशों ने ललित की पीठ पर 4 और कूल्हे पर 2 वार किए। इससे वह खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर गया। इसी दौरान एक बदमाश ने उसे गोली मारकर उसे जान से मारने की कोशिश की, लेकिन भीड़ में से निकल कर घायल सामने ही एक गली में करीब 80 मीटर दूर जाकर छिप गया। मौके पर बहुत ज्यादा भीड़ जमा होते देख चारों बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
पीछे से आ रहा था दोस्त, वारदात देख सहमा, दोस्त को भी नहीं संभाला :
वारदात के दौरान ललित का दोस्त अतुल निवासी समालखा भी बाइक से इसी बाजार की ओर आ रहा था। उसने मौके पर लोगों की भीड़ जमा देखी तो वो भी वहां रुक गया। उसने देखा कि जिसके साथ वारदात घटित हो रही थी, वो और कोई नहीं, बल्कि उसका दोस्त ललित था। वारदात को अंजाम देने वाला भी उनका परिचित ही था। बदमाशों में एक की पहचान मोनू निवासी डाहर के रूप में हुई। बदमाशों के जाने के बाद भी अतुल सहमा ही रह गया और मौके से निकल गया।
कृष्णपुरा चौकी के कार्यवाहक इंचार्ज कप्तान सिंह ने कहा कि घायल के बयान पर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल संबंधित मामले में धारा 324 और 34 के तहत केस दर्ज किया गया है। डॉक्टरी रिपोर्ट के मत के अनुसार धाराएं बढ़ाई भी जा सकती हैं।