गांव डाडौला में गांव के कुछ युवक छह माह तक एक किशोर के साथ मारपीट करते रहे और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर किशोर को चुप करा देते थे। 20 मई को हद पार हो गई और युवकों ने किशोर का सिर फोड़ दिया और उसे चाकू मार दिया। युवकों ने किशोर पर आरोप लगाया कि वह गांव में लोगों के मकानों के सामने तेज रफ्तार में बाइक लेकर गुजरता है। किशोर के परिजनों ने युवकों के खिलाफ सेक्टर-29 थाना पुलिस को शिकायत दी। जिस पर युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
गांव डाडौला निवासी बलबीर सिंह सिंह ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। उसका बेटा अनुज 10वीं कक्षा का छात्र है। बेटे के साथ गांव के युवक मारपीट कर रहे थे। वहीं उसे जान से मारने की धमकी देते थे। जिस वजह से बेटे ने घर नहीं बताया। 20 मई को बेटा शाम सात बजे चाचा मोहित और गोल्ली के साथ घर जा रहा था। इसी बीच रास्ते में गांव निवासी रोहित और सावन निवासी गांव पसीना खुर्द ने उसे रोका और मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोपियों के पास चाकू था, जिससे उस पर हमला कर दिया। किशोर के चाचा ने छुड़ाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपी रोहित ने किशोर के सिर पर बिंडे से वार किया। मौके पर भीड़ इकट्ठा हुई तो युवक जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
युवकों की मां बोली- तुम्हारा बेटा बाइक तेज चलाता है, इसलिए पीटा
बलबीर ने बताया एक युवक की मां उनके घर आई। जिनसे उन्होंने मारपीट करने का कारण पूूछा तो मां ने कहा कि तुम्हारा बेटा बाइक तेज चलाता है, जिस वजह पीटा। बलबीर का कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए उनके पास बाइक नहीं है। वह साइकिल से आते जाते हैं। आरोपियों को सब कुछ पता होने के बावजूद भी वह बेटे पर पुलिस से बचने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं।
दौड़ा-दौड़ा कर जोहड़ पर ले गए, हत्या कर फेंकने की थी तैयारी
पिता बलबीर ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव के ही कुछ युवक बाइक पर बैठे हुए बेटे को दौड़ा-दौड़ा कर गांव के जोहड़ के पास ले गए। आरोपी युवक नशे में धुत थे। उन्होंने बेटे के साथ मारपीट की। जिस कारण बेटा बेहोश हो गया। जिसके बाद परिवार से एक युवक वहां पहुंचा तो आरोपी उसे देख मौके से फरार हो गए थे। जिस मामले में उनकी पंचायत भी हुई थी।
पुलिस ने अनुज की शिकायत की केस दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी दोषी निकलकर सामने आएगा, उसे गिरफ्तार किया जाएगा और कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।
- सुनील कुमार, सेक्टर 29 थाना प्रभारी