पानीपत। शहर में दो दर्जन से अधिक एटीएम खराब है। जीटी रोड पर लगे अधिकतर एटीएम पिछले कई दिनों से निजी एजेंसियों के कर्मियों का इंतजार कर रहे है। जो एटीएम ठीक है उनमें न रकम है और न उनके एसी ठीक है। ऐसे में लोगों को पैसे निकलवाने के लिए एक एटीएम से दूसरे एटीएम पर भटकना पड़ रहा है। ऐसे में लोग बैंकों और एजेंसियों द्वारा खुद को ठगा सा महसूस कर रहे है।
अमर उजाला ने शनिवार शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे एटीएम चेक किए। इस दौरान शहर के दो दर्जन से अधिक एटीएम एटीएम आउट ऑफ सर्विस मिले। जो एटीएम ठीक थे, उनमें से अधिक एटीएम खराब थे। कई एटीएम रकम की बाट देख रहे थे। लापरवाही का आलम यह था कि दो-तीन एटीएम को छोड़ दे तो किसी भी एटीएम पर सुरक्षा गार्ड नहीं मिला।
हर रोज लाखों की ट्रांजेक्शन, लेकिन एसी कई साल से खराब
सिविल अस्पताल में लगे पीएनबी बैंक से हर रोज लाखों रुपये की ट्रांजेक्शन होती है। अस्पताल के डॉक्टर,मरीजों के परिजन और स्थानीय लोग हर रोज यहां से लाखों रूपये निकलवाते है। एटीएम में पैसे निकलवाने वालों की भीड़ लगी रहती है, लेकिन एटीएम का एसी कई साल से खराब होने के कारण लोगों को पसीने से तर-बतर होकर पैसे निकलवाने पड़ते है।
ये एटीएम चल रहे आउट ऑफ सर्विस
जीटी रोड पर बस स्टैंड के पास लगे एक्सिस बैंक के एटीएम में हर रोज सैकड़ों लोग पैसे निलवाने के लिए आते है, लेकिन पिछले कई दिनों से एटीएम खराब पड़ा है। जीटी रोड पर गुरूदवारे के पास लगा एसबीआई बैंक का एटीएम सबसे व्यस्त एटीएम में से एक है। बाजारों में आने वाले लोग अधिकतर इसी एटीएम से पैसे निकलवाते है। लेकिन यह एटीएम भी काफी समय से खराब है। बस स्टैंड के पास लगे इंडसइंड बैंक के एटीएम पर गार्ड तैनात नहीं है। लाल बत्ती के पास लगा आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम दो सप्ताह से खराब पड़ा है।
मां बीमार होने के कारण सिविल अस्पताल में भर्ती है। वह सिविल अस्पताल में लगे पीएनबी बैंक के एटीएम में पैसे निकवाने के लिए गया था। एटीएम में लोगों की लंबी लाइन लगी हुई थी। एसी न होने के कारण लोग गर्मी में पैसे निकवा रहे थे। लोग बैंक को सेवा देने के लिए पैसे देते है,लोगों की सुविधा का ध्यान बैंक या निजी एजैंसियों को रखना चाहिए।
राजू, निवासी तहसील कैंप।
बाजार में खरीददारी के लिए आए थे। यहां आकर देखा तो एटीएम खराब है। दो दिन पहले आए थे, जबकि भी एटीएम खराब था। अब उनको पैसे निकलाने के लिए दूसरे एटीएम में जाना पड़ेगा।
गुरबान सिंह
सोमवार को बच्चों की स्कूल की फीस भरनी है। इसलिए शनिवार को पैसे निकलवा रहे थे, क्योंकि रविवार को एटीएम में पैसे नहीं रहते है। यह एटीएम भी खराब है। दूसरे एटीएम से पैसे निकलवाएंगे तो अतिरिक्त पैसे भी कटेंगे।
रिजवान
बाजार में खरीददारी के लिए पैसे निकलवाने थे। कई एटीएम में गया, लेकिन लगभग सभी एटीएम खराब मिले, जो एटीएम सही थे, उनमें पैसे नहीं मिले। अब तो दिन-प्रतिदिन एटीएम की हालत खस्ता होती जा रही है।
जगदीश सिंह, निवासी तहसील कैंप पानीपत
सभी एटीएम में लगे एसी को ठीक करने के लिए एजेंसियों के अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। एटीएम में अगर खराबी आती है तो उसको जल्द ठीक कराना चाहिए। इस बारे में एजैंसियों के अधिकारियों से बात की जाएगी।
राकेश कुमार,एलडीएम पानीपत।