पानीपत। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बड़ौली में आयोजित ग्रीन समर कैंप के तीसरे दिन विद्यार्थियों को ई-वेस्ट के सुरक्षित निपटान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्लोगन लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्लोगन लेखन में आर्यन व पेंटिंग प्रतियोगिता में नेहा अव्वल रहीं।
स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में 11वीं के आर्यन प्रथम, 10वीं के वंश द्वितीय और 12वीं की गुंजन तृतीय रहीं। इसी प्रकार पेंटिंग प्रतियोगिता में 12वीं की नेहा प्रथम, आरती द्वितीय और राखी शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
ललित कला प्राध्यापक प्रदीप मलिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आवश्यकता होने पर ही नया इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुराने उपकरणों की मरम्मत कर उनका पुनः उपयोग करना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर अंग्रेजी प्राध्यापिका ममता देवी और सतीश कुमार भी उपस्थित रहे।