पानीपत। मौसम के करवट लेते ही अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। लगातार दो दिन हुई बारिश से लोग स्वास्थ्य को लेकर काफी परेशान नजर आए। इनमें बुजुर्गों और बच्चों की संख्या अधिक रही। नागरिक अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या सोमवार को दोगुनी हो गई। यहां करीब 1800 की ओपीडी की गई। मरीजों की अपेक्षा ओपीडी में डॉक्टरों की कमी के कारण कुछ लोग तो बिना इलाज व दवा के ही बैरंग लौट गए।
सोमवार सुबह ओपीडी खुलने से पहले ही लोग पर्ची लेकर ओपीडी के सामने कतार में खड़े हो गए। लंबी कतार में लगकर पर्ची लेने के बाद भी कुछ को तो बिना इलाज के ही लौटना पड़ा। शुक्रवार और शनिवार को हुई बारिश के बाद मंगलवार को ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ गई। बढ़ती ठंड व हुई बारिश के बाद परिवार का हर दूसरा व्यक्ति सर्दी खांसी, जुकाम और वायरल बुखार से पीड़ित है। कमलेश देवी ने बताया कि वह सुबह नौ बजे से पहले ही अस्पताल पहुंच गई थी। कई घंटे कतार में लगकर पर्ची के बावजूद उसे इलाज नहीं मिल पाया। जब तक उसका नंबर आया तब तक डॉक्टरों के जाने का समय हो गया था। इससे पहले भी वह कई बार अस्पताल में दवा लेने के लिए आ चुकी है लेकिन डॉक्टरों की कमी के कारण उन्हें कई बार बिना दवा के ही लौटना पड़ता है।
लंबी लाइन लगकर बेटे को दिलाई दवा ः जिला नागरिक अस्पताल में दवा लेने पहुंची संतोष देवी ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ उसके लिए दवा लेने अस्पताल पहुंची। सुबह काफी समय तक लाइन में लगकर पर्ची मिली। डॉक्टरों की कमी के कारण ओपीडी के सामने भी लंबी लाइन में लगकर उसने बेटे को दवा दिलाई।
बैरंग लौटना पड़ा ःहरिसिंह कॉलोनी की शकुंतला ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या कम होने के कारण मरीजों को घंटे लाइन में लगने के बाद भी बैरंग ही लौटना पड़ता है। कभी डॉक्टर न होने के कारण कभी डाॅक्टर के जाने का समय होने के कारण।