पानीपत। प्रदेश के औद्यागिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए चल रही आवेदन प्रक्रिया में तीन दिन से तकनीकी पेंच फंसा हुआ है। हालांकि बुधवार को आईटीआई में दाखिले के लिए बना पोर्टल सही चला, लेकिन इससे पहले लगातार दो दिन ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने में 20 से 30 मिनट का समय लग रहा था। बुधवार को भी पोर्टल में कई बाद तकनीकी खामी आई। इसकी वजह स्टाफ की ओर से सर्वर या इंटरनेट धीमा होना बताया गया। इसी तकनीकी पेंच में आईटीआई में ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरवाने में आवेदकों को काफी इंतजार करना पड़ा।
ज्ञात हो कि कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय ने प्रदेश की सभी सरकारी व गैर सरकारी आईटीआई की ट्रेड में दाखिले के लिए सात से 21 जून तक ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। इसके तहत जिले में नौ सरकारी व चार गैर सरकारी आईटीआई की ट्रेड में सात जून से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चल रही है। इसमें पहले दिन सात जून को दोपहर तक आईटीआई में दाखिले के लिए बना पोर्टल नहीं चला। इसके अगले दो दिन भी शनिवार व रविवार की छुट्टी में भी आईटीआई बंद रहीं। सोमवार व मंगलवार को पोर्टल में तकनीकी पेंच फंसा रहा। स्टाफ की मानें तो चौथे दिन पोर्टल सही चला, पर सर्वर या इंटरनेट धीमा होने से ऑनलाइन एक-एक आवेदन फॉर्म भरने में 20-30 मिनट लगे। एक तरफ आवेदन करने के लिए कम समय बचा है, वहीं पोर्टल भी खूब परेशान कर रहा है।
नौ दिन में आवेदन प्रक्रिया पूरी करना बना चुनौती
आईटीआई में आवेदन प्रक्रिया के लिए नौ दिन शेष हैं। इनमें तीन दिन अवकाश है। आईटीआई में 21 जून तक आवेदन किए जाएंगे। विद्यार्थियों को आईटीआई में आवेदन के लिए मात्र छह दिन मिलेंगे। आईटीआई में इस सप्ताह शुुक्रवार तक आवेदन होंगे। शनिवार से सोमवार तक अवकाश रहेगा। सोमवार को बकरीद का राजपत्रित अवकाश है। हालांकि विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे लेकिन पूरी जानकारी के अभाव में अधिकतर विद्यार्थी आईटीआई में जाकर ही आवेदन करना पसंद करते हैं। लेकिन निर्धारित समय में आवेदन प्रक्रिया पूरी करना विभाग के लिए चुनौती बन गया है।
जरूरत पड़ी तो बढ़ाई जाएगी हेल्प डेस्क की संख्या
राजकीय आईटीआई पानीपत की विभिन्न ट्रेड में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरवाने में आवेदकों की मदद के लिए आईटीआई की दो लैब में 20 हेल्प डेस्क बनाए हैं। सभी टेबल पर इंटरनेट सुविधा के साथ कंप्यूटर व स्टाफ है। आने वाले दिनों में आवेदकों की संख्या बढ़ सकती है। आवश्यकता पड़ने पर हेल्प डेस्क की संख्या बढ़ाई जाएगी जिससे आवेदकों के ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने में ज्यादा समय न लगे।
आईटीआई में दोपहर तक भरे करीब 50 फॉर्म
प्रदेश की 381 आईटीआई में बुधवार शाम तक 27296 पंजीकरण किए जा चुुके हैं। जबकि 18719 आवेदन पूर्ण किए जा चुुके हैं। जिले की सबसे बड़ी पानीपत की सरकारी आईटीआई है। यहां आवेदन प्रक्रिया की देखरेख कर रहे विजय कुमार ने बताया कि बुुधवार को आईटीआई में करीब 50 आवेदकों के ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरवाए गए।
वर्जन-
पोर्टल सही तरीके से काम कर रहा है। 21 जून तक आवेदन किए जा सकेंगे। आवेदकों को चाहिए कि ऑनलाइन आवेदन फॉर्म आईटीआई में आकर भरवाएं, क्योंकि यहां फॉर्म भरने में किसी प्रकार की फीस नहीं ली जा रही है। साथ ही स्टाफ की मदद से फॉर्म भरने में किसी तरह की त्रुटि होने की आशंका नहीं है।
- डॉ. कृष्ण कुुमार, प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई, पानीपत।