पानीपत। कॉलेज व आईटीआई में नए सत्र के दाखिलों के लिए पंजीकरण सोमवार को बंद हो गया। शहर समेत जिले के 15 कॉलेजों में करीब 15 हजार आवेदन आए हैं। इन कॉलेजों में करीब 11340 सीट हैं। इस बार कॉलेजों में निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन आए हैं। वहीं ग्रामीण अंचल के कई कॉलेजों में निर्धारित सीटों से कम आवेदन रहे हैं। इनके साथ आईटीआई में आवेदन प्रक्रिया सोमवार को बंद हो गई।
शहर समेत जिलेभर के 15 कॉलेजों में नए सत्र में स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षा में दाखिला की प्रक्रिया चल रही है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने आवेदन प्रक्रिया 15 जून तक कर दी थी। कॉलेजों में सोमवार को सुबह ही युवा आवेदन करने के लिए पहुंच गए। यहां दिनभर युवाओं का आना लगा रहा। कॉलेज में काउंसिलिंग का कार्य भी लगातार किया गया। युवाओं को कोर्स और विषयों के बारे में जागरूक किया। शहर के तीनों एडिड कॉलेजों में सबसे अधिक आवेदन किए गए हैं। जिले के 15 कॉलेजों में 11340 सीटों पर करीब 15 हजार आवेदन आए हैं। इस बार आर्ट के साथ बीबीए व बीसीए जैसे प्रोफेशनल कोर्स में युवाओं की मांग रही।
युवा बोले आखिरी समय में किया आवेदन
रमेश और दीपक ने बताया कि उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी में आवेदन किया है। इसके साथ स्थानीय कॉलेजों में भी आवेदन किया है। वे पहले दिल्ली के कॉलेज में दाखिला लेने का प्रयास करेंगे। यहां दाखिला नहीं होता है तो वे जिले के कॉलेजों में दाखिला लेंगे।
आईटीआई में आवेदन प्रक्रिया बंद
जिले में नौ सरकारी समेत 13 आईटीआई हैं। इनमें दाखिला प्रक्रिया चल रही है। अब आईटीआई में मेरिट के आधार पर ट्रेड दी जाएगी। इससे पहले युवा अपनी इच्छा से ट्रेड की मांग करते थे।
27 को पहली मैरिट सूची
कॉलेजों में अब डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की जाएगी। यह 22 जून तक लगातार की जाएगी। युवा इसमें अपने डॉक्यूमेंट में किसी प्रकार की कमी को पूरा कर सकेंगे। इसके बाद 26 जून को प्रोविजनल सूची जारी की जाएगी। पहली मेरिट सूची 27 जून को जारी की जाएगी। युवा इसके आधार पर अपनी फीस जमा करा सकेंगे।
वर्जन :
कॉलेज में इस बार दाखिलों के लिए युवाओं में उत्साह रहा है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय की गाइडलाइन की पालना की गई है। अब प्रथम सूची के बाद फीस जमा की जाएगी।
डॉ. अनुपम अरोड़ा, प्राचार्य, एसडी पीजी कॉलेज।
वर्जन :
कॉलेज में नए सत्र के दाखिलों के लिए आवेदन प्रक्रिया बंद हो गई है। युवाओं को नए कोर्स और विषयों के बारे में जागरूक किया गया है। निदेशालय की गाइडलाइन की पालना की जाएगी।
डॉ. जगदीश गुप्ता, प्राचार्य आर्य पीजी कॉलेज।
वर्जन :
कॉलेज में इस बार दाखिलों के लिए उत्साह रहा है। आर्ट के साथ प्रोफेशनल कोर्स में युवा आगे आए हैं। अब दाखिला प्रक्रिया तेज हो गई है।
डॉ. सतबीर सिंह, प्राचार्य, आईबी पीजी कॉलेज।