पानीपत। आकाश इंस्टीट्यूट में अंशुल हत्याकांड के मामले में शहर थाना पुलिस ने नाबालिग को 400 रुपये चाकू बेचने वाले दुकानदार को सुभाष बाजार से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 16 चाकू बरामद किए। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
शहर थाना प्रभारी जाकिर हुसैन ने बताया कि तीन नवंबर को आकाश इंस्टीट्यूट में एक 16 वर्षीय नाबालिग ने अपने सहपाठी जौंधन कला निवासी अंशुल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया था। नाबालिग से पूछताछ में खुलासा हुआ था कि उसने सुभाष बाजार निवासी दुकानदार हरभजन से चाकू खरीदा था। पुलिस ने आरोपी दुकानदार हरभजन को सोमवार देरशाम गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पुलिस ने मौके से 16 चाकू बरामद किए। पूछताछ में आरोपी दुकानदार ने बताया कि उसने छात्र को 400 रुपये में चाकू बेचा था। आरोपी हरभजन दुकान में रामलीला में इस्तेमाल होने वाल तीर-कमान जैसा सामान बेचता है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया।
आकाश इंस्टीट्यूट ने दिलाया विश्वास
आकाश इंस्टीट्यूट की तरफ से मंगलवार को एक प्रेस रिलीज किया गया। इसमें उन्होंने छात्र अंशुल की मौत पर संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि वे दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ हैं। वे जांच में सहयोग कर रहे हैं। उनका कहना है कि वारदात के वक्त इंस्टीट्यूट की टीम ने तत्परता और देखभाल के साथ कार्य किया। उन्होंने छात्र को पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। इस वारदात के बाद वह वादा करते हैं कि इंस्टीट्यूट में एक सुरक्षित शैक्षिक वातावरण को पोषित करेंगे।
चार दिन बाद जागा इंस्टीट्यूट-
परिजनों का आरोप है कि वारदात के चार दिन बाद इंस्टीट्यूट की तरफ से प्रतिक्रिया दी गई है। इससे पहले उन्होंने बात तक नहीं की। प्रेस रिलीज में लिखा कि उनके स्टाफ ने तुरंत तत्परता से छात्र की देखभाल करते हुए उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। आरोप है कि यह झूठ है। एक बैंककर्मी ने अंशुल को अस्पताल पहुंचाया।
वर्जन
नाबालिग को चाकू बरामद कराने वाले दुकानदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, उसके कब्जे से 16 चाकू बरामद कर उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
-इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन, प्रभारी, शहर थाना