पानीपत। जीटी रोड पर पुलिस लाइन के सामने ट्रक में हवा भरवा रहे ट्रक चालक को एक अन्य ट्रक ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद भाग रहे ट्रक चालक को मृतक के भाई ने पीछा कर टोल प्लाजा के पास पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। मृतक की बेटी की एक माह बाद शादी होने वाली है। परिवार में मातम छा गया है। मृतक के परिजन बुधवार शाम पानीपत पहुंच गए। बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
पंजाब के खन्ना निवासी सुखदेव ने बताया कि उनका बड़ा भाई हीरा सिंह (43) ट्रक चालक था। वह भी हीरा के साथ ट्रक पर बतौर हेल्पर रहता था। मंगलवार को बीयर लोड करने के लिए पंजाब से दिल्ली आए थे। बुधवार रात करीब एक बजे कंटेनर लोड कर दिल्ली से चले थे। भोर में पौने पांच बजे पानीपत पुलिस लाइन के पास हीरा ने हवा भरवाने के लिए ट्रक रोका। वह ट्रक में बैठा था। हीरा ट्रक के पास खड़ा था। इसी वक्त पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भाई सुखदेव ने राहगीर की मदद से आरोपी ट्रक चालक का पीछा किया और टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया। आरोपी चालक यहां नशे में धुत ट्रक में छिपा मिला। उसने पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर हादसे की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी चालक को हिरासत में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवाया।
हीरा की बड़ी बेटी प्रीति की एक माह बाद शादी है। घर में बेटी की शादी को लेकर खुशियों का माहौल था। शादी की तैयारी चल रही थी। हीरा की पत्नी की छह साल पहले बीमारी से मौत हाे चुकी है। इस हादसे के बाद बेटा-बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।