पानीपत। स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष टीकाकरण सप्ताह मनाया जा रहा है। सोमवार को इसका पहला दिन रहा। इस अभियान का उद्देश्य पांच साल तक के बच्चों को टीकाकरण करना है। अभियान के दौरान विशेष रूप से पेंटा-1, एमआर-1, एमआर-2 और अन्य निर्धारित बूस्टर डोज के टीकाकरण पर फोकस रहेगा।
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में एएनएम और आशा वर्कर्स डोर-टू-डोर जाकर ड्रॉप आउट बच्चों की पहचान कर उनका टीकाकरण करेंगी। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. नवमीत ने बताया कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक सुदृढ़ करने तथा सभी पात्र बच्चों को गंभीर व जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखना विभाग का उद्देश्य है इसके लिए जिले में 15 से 20 दिसंबर तक विशेष टीकाकरण सप्ताह मनाया जाएगा। जिले के कुछ क्षेत्रों में अब भी जीरो-डोज बच्चों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है और पेंटा-3 से एमआर-1 व एमआर-1 से एमआर-2 के बीच ड्रॉप-आउट की समस्या बनी हुई है। विशेष टीकाकरण सप्ताह के दौरान छूटे हुए व ड्रॉप-आउट बच्चों की पहचान कर उनका टीकाकरण किया जाएगा।