माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर बिना शर्त फसल खरीद समेत अन्य मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान-मजदूर संगठनों ने बुधवार को अनाज मंडी स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक कार्यालय के मुख्य गेट पर तालाबंदी रही। इस दौरान अधिकारी मंडी में खरीद का जायजा लेते रहे।
प्रदर्शन की अध्यक्षता संयुक्त किसान मोर्चा जिला तालमेल कमेटी के संयोजक जयकरण कादियान ने की, जबकि संचालन अखिल भारतीय किसान सभा के जिला सचिव राज्यपाल गाहल्याण ने किया। किसान नेताओं ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसानों को मंडियों में परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि फसल पंजीकरण की बाध्यता खत्म कर एमएसपी पर पूरी फसल की खरीद बिना शर्त की जाए।
किसानों ने आरोप लगाया कि नमी के नाम पर प्रति क्विंटल 200 रुपये की अवैध कटौती की जा रही है। उन्होंने इसकी उच्चस्तरीय जांच कराने, खरीद के 72 घंटे के भीतर भुगतान करने, जिले से बाहर फसल बेचने पर लगी रोक हटाने और 25 क्विंटल की खरीद सीमा समाप्त करने की मांग की।
17 को पुतला दहन का एलान : संयुक्त किसान मोर्चा ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर 17 अक्तूबर को भाजपा कार्यालय और विधायकों के आवास के सामने प्रदर्शन कर हरियाणा सरकार का पुतला फूंका जाएगा। इसके अलावा 23 अक्तूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन और 26 नवंबर को किसान आंदोलन के छह वर्ष पूरे होने पर दिल्ली कूच व देश की राजधानियों में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर सीटू के राज्य सचिव सुनील दत्त, डॉ. सुरेंद्र मलिक, बिंटू मलिक, अनिल कादियान, दरियाव सिंह कश्यप, आजाद मलिक मौजूद रहे।