पानीपत। जिला परिषद की चौथी सामान्य बैठक में पार्षदों ने पिछली बैठक के प्रस्तावित कार्य न होने पर नाराजगी जताई। स्वयं जिला परिषद के वाइस चेयरमैन ने अधिकारियों को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने सेक्टर-24 से रिसालू गांव तक करीब 65 लाख में बनने वाली सड़क के छह महीने बाद भी काम शुरू न होने पर चिंता जताई। बैठक के अंतिम क्षणों में पार्षदों ने प्रदेश स्तरीय तीज उत्सव में निमंत्रण के बाद भी प्रवेश न करने देने के आरोप लगाकर रोष प्रकट किया। सीईओ ने काफी देर तक उनको समझाकर शांत कर पाए।
जिला सचिवालय के द्वितीय तल पर बुधवार को चेयरपर्सन ज्योति शर्मा की अध्यक्षता में बैठक शुरू हुई। जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी विवेक चौधरी ने इसका संचालन किया। इसमें छह एजेंडों को रखा। प्रदेश स्तरीय तीज उत्सव में प्रवेश न करने देने पर रोष प्रकट करते हुए पार्षदों ने कहा कि चेयरपर्सन को सभी पार्षदों को अपने साथ लेकर जाना चाहिए था। ऐसा नहीं था तो किसी अधिकारी की ड्यूटी लगानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिप सीईओ को कई बार फोन किया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
बैठक में पर जीएम रोडवेज कुलदीप जांगड़ा, डीडीपीओ सुमित चौधरी, एक्सईएन पंचायती राज प्रदीप, जिला परिषद के उपाध्यक्ष आर्य सुरेश मलिक और एओ नरेश कुमार मौजूद रहे।
जिला परिषद की बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड में टूटी सड़कों के मुद्दे पर अधिकारियों को घेरा। इनमें पीडब्ल्यूडी, पंचायती राज और मार्केटिंग बोर्ड से जुड़ी सड़कों का उल्लेख किया। अधिकारियों ने इनके लिए रास्ता निकालने का आश्वासन दिया। पार्षद ने कहा कि अहर चौक से कुराना जाने वाली सड़क के साथ करीब 70 एकड़ जमीन से कई-कई फुट मिट्टी उठा ली गई है। ऐसे में कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। सीईओ ने खनन विभाग के अधिकारी के बैठक में न होने पर बुलाने के आदेश दिए। वार्ड-1 के पार्षद आकाश पौड़िया ने असंध रोड पर गुप्ता पेट्रोल पंप के नजदीक सड़क पर गहरे गड्ढों की समस्या रखी। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने इसके फोर लेन का प्रस्ताव भेजने का जवाब दिया। पार्षद ने उस समय तक सड़क की मरम्मत करने की बात रखी। सौदापुर गांव में पाइप लाइन ठीक कराने की समस्या पर अधिकारियों ने ग्राम पंचायत के खाते से ठीक कराने का आश्वासन दिया।
इसी तरह ऊंटला गांव में बीपीएल कॉलोनी में पेयजल की समस्या उठाई। चेयरपर्सन ने इसको पूरे सदन का प्रस्ताव बताया और सभी कॉलोनियों की समस्याओं का समाधान कराने के आदेश दिए। पानीपत-रोहतक नेशनल हाईवे की सर्विस लेन पर गड्ढों की समस्या को पार्षद ने रखा। जिप सीईओ ने इस विषय को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शामिल करने का आश्वासन दिया। पार्षद सुंदर छौक्कर ने चुलकाना व नेस्ले रोड और अन्य पार्षद नूरवाला अड्डे से ड्रेन नंबर- टू तक सड़क निर्माण की मांग रखी। वाइस चेयरमैन आर्य सुरेश मलिक ने कहा कि सेक्टर-24 से रिसालू तक सड़क बनाने का करीब 65 लाख रुपये का प्रस्ताव है। अधिकारियों ने मार्च महीने की बैठक में इस विषय में अवगत कराया था। यह सड़क आज तक नहीं बन पाई है। यह अधिकारियों की अनदेखी को दर्शाता है। उन्होंने सेक्टर-29 से रिसालू सड़क का भी सवाल उठाया।