सामान्य जांच के दौरान चर्म रोग विशेषज्ञ ने की पुष्टि, स्वास्थ्य विभाग ने केस हिस्ट्री खंगालनी शुरू की
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिले में डेंगू और मलेरिया के मामलों के बीच अब चिकनपॉक्स ने भी दस्तक दे दी है। शनिवार को जिला नागरिक अस्पताल में चिकनपॉक्स के चार नए मामले सामने आने से विभाग में सुगबुगाहट तेज हो गई है। राहत की बात यह रही कि ये मामले सामान्य स्वास्थ्य जांच के दौरान पकड़ में आए, जिसके बाद चर्म रोग विशेषज्ञ ने बारीकी से जांच कर चिकनपॉक्स की आधिकारिक पुष्टि की।
संक्रमित पाए गए चारों मरीज स्वास्थ्य विभाग के ही कर्मचारी हैं। प्राथमिक उपचार और निगरानी के लिए उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में दाखिल कराया गया है। स्वास्थ्य कर्मचारियों के ही संक्रमित होने के बाद विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है और अन्य स्टाफ में भी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. बिजेंद्र हुड्डा ने बताया कि प्राथमिक दृष्टि में मरीजों में चिकनपॉक्स के लक्षण मिले हैं और उनकी पुष्टि हो चुकी है। फिलहाल सभी प्रभावित कर्मचारियों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि वे किसके संपर्क में आए थे और संक्रमण का स्रोत क्या है। विभाग का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं।