प्रिंसिपल की शिकायत पर केस दर्ज, राजकीय स्कूल राजाखेड़ी में क्लर्क ने तीन साल से स्कूल के बचत खाते में नहीं जमा कराई फीस
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। राजाखेड़ी गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में क्लर्क की ओर से फीस में 22.19 लाख रुपये का गबन किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने स्कूल प्रिंसिपल की शिकायत पर क्लर्क के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रिंसिपल की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक क्लर्क ने तीन साल तक बच्चों से मिलने वाली फीस स्कूल के बचत खाते में जमा नहीं कराई। उन्होंने इस संबंध में उसे कई नोटिस भी जारी किए लेकिन उसने फिर भी ये राशि जमा नहीं कराई।
प्रिंसिपल सुमित्रा देवी ने किला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हिसार के गांव उगलान निवासी कपिल कुमार छह फरवरी 2020 से स्कूल में बतौर क्लर्क काम कर रहा था। वह फिलहाल कुरुक्षेत्र के कैलाश नगर में रहता है और इस समय जिला निर्वाचन कार्यालय पानीपत में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत है। कपिल को कक्षा इंचार्जों की ओर से विद्यार्थियों से ली गई फीस को एकत्रित कर स्कूल के बचत खाते (वीवीएन) में जमा कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने स्कूल के रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि जुलाई 2021 से जुलाई 2023 तक करीब 2969447 रुपये लिपिक कपिल ने वीवीएन खाते में जमा नहीं कराए। इस संबंध में उन्होंने लिपिक कपिल को नोटिस दिया तो उसने साढ़े सात लाख रुपये 16 नवंबर 2023 को स्कूल के खाते में जमा करा दिए। कपिल को 21 फरवरी 2024 को स्कूल आदेश पुस्तिका के माध्यम से जल्द से जल्द स्थिति स्पष्ट करने और बकाया 22,19447 रुपये स्कूल खाते में तुरंत जमा कराने के निर्देश दिए गए, लेकिन उसने ये पैसे जमा नहीं कराए। उन्होंने पुलिस से आरोपी क्लर्क के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में किला थाना प्रभारी महाबीर सिंह ने बताया कि आरोपी लिपिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी कर जल्द पैसों की रिकवरी की जाएगी। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।