रिफाइनरी से 24 फरवरी को केमिकल से लोड कर आईओसीएल कोयाली के लिए निकला ट्रक संदिग्ध हालात में पलट गया। ट्रक में केमिकल नहीं मिला। ट्रांसपोर्ट ने ट्रक चालक पर जान बूझकर ट्रक को पलटाकर केमिकल बेचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
हिसार निवासी आकाश गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका ट्रांसपोर्ट का काम है। वह पानीपत रिफाइनरी से माल दूसरी जगहों पर भेजते हैं। 24 फरवरी को पानीपत आईओसीएल से 20 टन 789 किलोग्राम केमिकल गाड़ी में भरकर उसका चालक इंतजार आईओसीएल कोयाली के लिए रवाना हुआ। ये गाड़ी 26 फरवरी को कोयाली पहुंचनी थी, लेकिन नहीं पहुंची। इस दौरान ड्राइवर का कॉल आया कि गाड़ी रास्ते में खराब हो गई है। वह इसे ठीक करवाकर समय पर पहुंच जाएगा। उन्होंने ड्राइवर सोनू को दूसरी गाड़ी लेकर रवाना किया तो उसने देखा कि पहले वाली गाड़ी रास्ते में पलटी हुई है और केमिकल से खाली है। मौके से ड्राइवर फरार है। चालक इंतजार को कॉल किया तो उनका फोन स्विच ऑफ मिला। उन्हें शक है कि चालक इंतजार निवासी बागपत ने उसके साथ धोखाधड़ी कर केमिकल चोरी किया है।