पुलिस क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमी फाइनल मुकाबले के विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित करते मुख्य
पानीपत। लक्ष्मी क्रिकेट अकादमी में चल रहे द्वितीय ऑल इंडिया नॉर्थ जोन टी-20 पुलिस क्रिकेट टूर्नामेंट का सेमीफाइनल मुकाबला बुधवार को आरपीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच खेला गया। रोमांच से भरपूर इस मैच में आरपीएफ ने एक गेंद शेष रहते तीन विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। आरपीएफ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। उत्तर प्रदेश पुलिस ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 196 रन बनाए। फैजान अहमद ने 35 गेंदों में 53 रन, रोहित यादव ने 27 गेंदों में 49 रन और चैतन्य गहलोत ने 27 गेंदों में 45 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। आरपीएफ की ओर से मंजीत सैनी ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट, नवदीप ने 3 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट और अनंत वैभव तोमर ने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए आरपीएफ ने 19.5 ओवर में 7 विकेट पर 200 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। विकेटकीपर बल्लेबाज अनंत वैभव तोमर ने 52 गेंदों में 84 रन (7 चौके, 5 छक्के) की शानदार पारी खेली, जबकि अशरफ गाजी ने 41 गेंदों में 54 रन बनाए। उत्तर प्रदेश के गेंदबाज साहिल ने 3 विकेट और विवेक ने 2 विकेट लिए।
सेमीफाइनल के मुख्य अतिथि डीआईजी वीरेंद्र विज रहे। इस अवसर पर डीएसपी जसवंत सिंह, इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह, इंस्पेक्टर अशोक, एएसआई विकास, अकादमी ऑनर सुरेंद्र पंवार, प्रदीप कादियान और पाहुल पंवार मौजूद रहे। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला वीरवार को खेला जाएगा।