पानीपत। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत लोगों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करेगी। इसके साथ उनको किसी भी सामान में कमी मिलने पर आगामी कार्रवाई के बारे में बताएगी।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की रविवार को स्थानीय आरएसएस कार्यालय में बैठक में इसका फैसला लिया। बैठक की अध्यक्षता विजय अरोड़ा ने की। बैठक में सबसे पहले हाल ही में संगठन द्वारा आयोजित प्रबुद्धजन संगोष्ठी कार्यक्रम की समीक्षा की। सदस्यों ने संगोष्ठी के सफल आयोजन पर चर्चा की और इसके सकारात्मक परिणामों का मूल्यांकन किया। इसके उपरांत पंचायत के सदस्यों ने आगामी माह की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया। ग्राहकों के हितों और उनके अधिकारों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए अगले महीने किए जाने वाले विभिन्न जन-जागरूकता एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा भी इस बैठक में तैयार की गई।
इस मौके पर प्रमोद कुमार, राजेश सैनी, अमित गुप्ता, राकेश बंसल, राजेश जैन, अनिल गोयल, सूरजभान, सतबीर आर्य और सीए जगदीश धमीजा उपस्थित रहे। सभी उपस्थित सदस्यों ने ग्राहक जागरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।