संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। मांडी गांव के आकाश घणघस ने करनाल के कर्ण स्टेडियम में 15 से 16 जुलाई तक हुई 15वीं स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग के ऊंची कूद में रजत पदक पर कब्जा जमाया है। आकाश घणघस के पदक जीतने पर मांडी गांव में खुशी है। गांव की सरपंच पूनम देवी व घणघस खाप के जिला प्रधान नरेश घणघस ने रजत पदक जीतने पर आकाश घणघस को बधाई दी है। इससे पहले आकाश घणघस जूनियर चैंपियनशिप में रजत पदक व 2022 - 2023 में हुए खेलो इंडिया में कांस्य पदक जीत चुके हैं।
पिता बिजेंद्र घणघस किसान ने बताया कि आकाश को बचपन से ही ऊंची कूद खेल में ही अच्छी रुचि थी। जिसके बाद उन्होंने खेल का अभ्यास करना शुरू कर दिया। जिसके कुछ समय बाद ही उन्होंने खेल में पदक हासिल करने शुरू कर दिए। वह जब भी खेत में उनके साथ जाता था तो बार-बार ऊंची कूद लगाने का प्रयास करता था। खिलाड़ी आकाश घणघस ने बताया कि वह राष्ट्रीय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाग लेकर देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल कर देश का नाम रोशन करना चाहते है। जिसके लिए वह सुबह-शाम मैदान में पहुंचकर अभ्यास कर रहे हैं।