पानीपत। पुलिस ने आरिफ हत्याकांड में कार्रवाई न करने के आरोपी थाना चांदनी बाग के तत्कालीन प्रभारी इंस्पेक्टर कर्मबीर के बाद जांच अधिकारी एसआई सतीश को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं चारों दलाल अभी फरार हैं। पुलिस ने दलालों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
उल्लेखनीय है कि भारत नगर निवासी आरिफ की 17 दिसंबर को पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। वह दोस्त के साथ खाना खाने गया था। आरोपी ढाबा वेटर चौटाला ने कहासुनी के बाद अपने तीन दोस्तों के साथ उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी थी। थाना चांदनी बाग पुलिस को इस मामले में हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करने की बजाय हादसा दिखाकर 174 में कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने एएसपी मयंक मिश्रा से मामले की जांच कराई। एएसपी मयंक मिश्रा ने 12 जनवरी को थाना चांदनी बाग पुलिस में थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर कर्मबीर, जांच अधिकारी एएसआई सतीश, दलाल उग्रा खेड़ी गांव निवासी राजेश मलिक, सेक्टर-15 करनाल निवासी अनिल मदान, अनूप उफ भांजा निवासी उग्रा खेड़ और इंशांत उर्फ इशु निवासी न्यू रमेश नगर के खिलाफ भ्रष्टाचार की 13-7-9 समेत नौ विभिन्न धाराओं मुकदमा दर्ज कराया। डीएसपी नरेंद्र कादियान ने बताया कि इस मामले में आरोपी जांच अधिकारी एएसआई सतीश को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस मामले में इंस्पेक्टर कर्मबीर को वीरवार को जेल भेज दिया था। बाकी चार दलालों की धरपकड़ की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।