सनौली। सनौली-नवादा रोड पर 12 दिन पहले हुए सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत के बाद घायल पुत्रवधु ने भी दम तोड़ दिया है। चंड़ीगढ़ के एक अस्पताल में महिला की सोमवार को मौत हुई। परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
थाना सनौली क्षेत्र 30 और एक मई की रात को जलालपुर निवासी प्रदीप परिवार के अन्य सदस्यों के साथ नवादा-आर में डेढ़ माह के बेटे प्रियांशु को दवा दिलवाने के लिए गए थे। दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर परिवार के छह लोग डॉक्टर के पास गए थे। लौटते समय जब वह सनौली-नवादा रोड पर श्याम गार्डन के पास पहुंचे तो कार ने बाइकों को टक्कर मार दी थी। हादसे में प्रदीप, उसकी पत्नी आरती, मां संतरा, भाई संदीप घायल हो गए थे। मां को कुछ देर बाद ही मृत घोषित कर दिया था। वहीं संदीप की उपचार के दौरान अगले दिन मौत हो गई थी। आरती को गंभीर हालत में चंडीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से उपचार के दौरान सोमवार को आरती की भी मौत हो गई। मां-बेटे की मौत के बाद पुत्रवधू की मौत होने से परिवार में मातम पसर गया। आरती की मौत की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
सनौली खुर्द थाना प्रभारी एसआई विनोद कुमार ने बताया कि कार की टक्कर से घायल आरती की भी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।