पानीपत। जीटी रोड सड़क हादसे के बाद गाड़ी में लगी आग में पानीपत का एक बड़ा उद्यमी और पूरा परिवार बाल-बाल बच गया।
पुलिस और राहगीरों ने गाड़ी में फंसे उद्यमी और परिवार के सदस्यों की खिड़की तोड़कर जान बचाई। वे सब रात को खाना खाकर पानीपत वापस आ रहे थे। घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया है।
हादसा बीती देर रात को जीटी रोड पर झट्टीपुर के पास हुआ। हरियाणा वूलेन मल के डायरेक्टर प्रवीण गोयल, अपनी पत्नी आशा गोयल, बेटे मानव गोयल, पुत्रवधु मोनिका, पुत्र कनफ गोयल के साथ गुड़गांव से पानीपत आ रहे थे। गाड़ी उनका छोटा बेटा चला था।
जीटी रोड झट्टीपुर के पास आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया और गाड़ी ट्रक के पीछे घुस गई। जिसके चलते गाड़ी में आग लग गई और वे सब गाड़ी में फंस गए। राहगीरों ने गाड़ी में आग लगने की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने राहगीरों की मदद से प्रवीण गोयल व उनके परिवार को बाहर निकाला। हादसे में प्रवीण गोयल की पत्नी आशा गंभीर रूप से घायल हो गई। उनको शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया।