पानीपत। किला थाना क्षेत्र में एक युवती अपनी सगाई के छह दिन बाद अपने पड़ोसी प्रेमी के साथ कहीं चली गई। युवती अपने साथ सगाई की रस्म में मिले गहने व घर से 12 हजार रुपये भी चुराकर ले गए। दोनों के परिजनों ने अपने स्तर पर दोनों की काफी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं लगा। अब युवती के पिता ने युवक पर युवती के अपहरण का केस दर्ज कराया है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।
किला थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनका एक बेटा व एक बेटी है। उनकी बेटी की एक जुलाई को मंगनी हुई थी और 14 जुलाई को शादी होनी है। मंगलवार उनकी बेटी मां से 10 रुपये लेकर मेडिकल स्टोर पर दवाई लेने की बात कहकर निकली, लेकिन घर नहीं लौटी। उन्हें पता लगा कि पड़ोसी युवक उनकी बेटी को अपने साथ ले गया। उन्होंने लड़के के माता-पिता से इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि युवक एक माह से घर ही नहीं आया है। शक जताया कि मामले में लड़के के परिजनों ने भी उनका साथ दिया है।
रस्म में मिले गहने साथ ले गई
पिता ने बताया कि उनकी बेटी शादी के लिए घर में रखे 12 हजार रुपये रखे थे। इसके साथ 1 जुलाई में मंगनी के दौरान लड़का पक्ष की ओर से उनकी बेटी को नाक और कान में पहनने के लिए गहने दिए गए थे। उनकी बेटी 12 हजार रुपये और गहने भी साथ ले गई।