पानीपत। छह साल के एक लंबे अरसे और इंतजार के बाद अब प्रधानमंत्री आवास योजना के सैंकड़ों लाभार्थियों को पक्की छत मिलने जा रही है। नगर निगम अब ऐसे 111 चिह्नित लाभार्थियों को योजना की पहली, दूसरी और तीसरी किस्त का लाभ देने जा रहा है। इन सभी की कागजी कार्रवाई पूरी हो चुकी है। अब इनके बैंक खातों में सरकार की योजना का लाभ आने वाला है। जिससे गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले इन लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है। इस राशि से ये लाभार्थी अब अपने कच्चे घरों को पक्का कर सकेंगे। इसे लेकर नगर निगम की संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी व्यक्तिगत तौर पर लाभार्थियों के घर जाकर उनसे बातचीत भी कर रही है।
गौरतलब है कि नगर निगम के पास प्रधानमंत्री आवास योजना के मुख्य घटक बीएलसी यानी बेनिफिशयरी लैंड कंस्ट्रक्शन अर्थात पक्का मकान बनाने के लिए ढाई लाख रुपये की राशि लोन कराकर दी जाती है। जिस पर सबसिडी मिलती है। ये राशि तीन किश्तों में मिलती है। इसमें पहली और दूसरी किश्त एक एक लाख रुपये जबकि तीसरी किस्त पचास हजार रुपये की होती है। योजना के तहत लाभ लेने वाले 111 परिवारों में से 36 को पहली और 18 को दूसरी किस्त के एक एक लाख रुपये दिए जाएंगे। जबकि 57 को तीसरी किस्त जारी होगी। यानी निगम इन परिवारों को पक्का मकान बनाने के लिए कुल 82.5 लाख रुपये देने जा रहा है।
पीएम आवास योजना के इस मुख्य घटक के अंतर्गत निगम के पास कुल 1467 आवेदन आए थे। इनमें से 634 को योजना की पहली किस्त का लाभ दिया जा चुका है। अब इनमें पहली किस्त वाले 36 और जुड़ेंगे। जबकि 343 को योजना का पूरा लाभ यानी तीनों किस्त मिली हैं। अब इनमें 57 अतिरिक्त जुड़ जाएंगे। यानी अब 400 लोगों को पूरा लाभ, 670 को पहली किस्त और बाकी के लाभार्थियों को दूसरी किस्त मिलेगी। जिनके मकान निर्माणाधीन हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इन सभी की कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद लाभ देने की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी।
योजना के लाभार्थियों में अशोक विहार कॉलोनी के हरदयाल, हरीराम, मूर्ति, सलीम के अलावा वार्ड 11 के रोशी, केला देवी, कृष्णा, मोनिला समेत नूरवाला के सेवा राम, डाबर कॉलोनी के बाबूराम से संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी उनके घर जाकर मिली और उनसे योजना के बारे में पूछा। सेवा राम ने बताया कि कर्जा लेकर मकान बनाया है। हरदयाल ने कहा कि घर कच्चा है, पक्का बनवाना चाहते हैं। हरिराम और बाबूराम ने कहा कि एक किस्त मिली थी, घर निर्माणाधीन है, दूसरी किस्त का इंतजार है। मूर्ति, केला, कृष्णा और सलीम ने कहा दो किस्त मिली हैं, तीसरी का इंतजार है। इसके लिए उन्होंने पीएम आवास योजना का चिह्न भी तैयार करा लिया है। इन लाभार्थियों को संयुक्त आयुक्त ने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी को योजना का पूरा लाभ मिलेगा। योजना का लाभ मिलने की खुशी लाभाथियों के चेहरों पर थी। उन्होंने संयुक्त आयुक्त का आभार भी जताया।
वर्जन:
दो दिन में जारी होंगी किस्तें : निगम
पीएम आवास योजना के लाभाथियों की लगभग सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। इनकी फाइनल स्टेज जियो टैगिंग कराई जा रही है। दो दिन में 111 परिवारों को योजना के तहत पहली, दूसरी और तीसरी किस्त दे दी जाएगी।
मनी त्यागी, संयुक्त आयुक्त।