पानीपत। आईएचएम (इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट) में डिप्लोमा और डिग्री कोर्स के लिए जल्द ही दाखिला प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए एक सप्ताह में एडमिशन डेस्क स्थापित किया जाएगा। यह प्रदेश का पहला और उत्तर भारत का दूसरा राजकीय संस्थान है।
इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट के कार्यकारी प्राचार्य चंदन वशिष्ठ ने बुधवार को दाखिला प्रक्रिया की घोषणा की। उन्होंने कहा कि होटल मैनेजमेंट में पढ़ाई कर युवा रोजगार के अच्छे अवसर पा सकते हैं। उनके लिए विदेश में कई बेहतर अवसर मिलते हैं।
इनके अलावा देश में एयरलाइंस और रेलवे में नौकरी के अच्छे अवसर मिलते हैं। युवा दिल्ली व अन्य स्थानों पर बड़े होटल में काम कर अपना भविष्य बना सकते हैं। यहां इंस्टीट्यूट में एक डिग्री और दो डिप्लोमा कोर्स हैं। तीन वर्षीय बीएससी कोर्स में 120 सीट हैं। फूड और बेवरेज सर्विस और फूड प्रोडक्शन में 40-40 सीट हैं। इंस्टीट्यूट में कैंपस प्लेसमेंट शत प्रतिशत रहती है। यहां से डिग्री और डिप्लोमा करने वाले युवा देश विदेश के बड़े होटलों में उच्च पद पर हैं।
वे समय-समय पर संस्थान में आते हैं। यहां विद्यार्थियों को होटल और रेस्टोरेंट में खाद्य व पेय सेवा के महत्व और फूड प्रोडक्शन के व्यावसायिक पहलुओं के बारे में समझाया जाता है। यहां विद्यार्थियों को काम करेन के लिए दाे से तीन अवसर मिलते हैं। संस्थान में दिल्ली, महाराष्ट्र व बंगाल समेत देश के अलग-अलग कोने से युवा पढ़ाई कर रहे हैं। अब इनके साथ प्रदेश के युवाओं को इस क्षेत्र में आगे लाया जाएगा।