माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। घरों में पीएनजी की आपूर्ति के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। पाइपलाइन से घरों में आपूर्ति लेने की स्थिति में एलपीजी सिलिंडर की कटौती की जा सकती है या फिर इसमें भी नियम बनाए जा सकते हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने इसके लिए गैस कंपनियों से रिपोर्ट मांगी है। इसमें उपभोक्ताओं के विवरण के साथ खपत की जानकारी ली है।
इधर घरेलू सिलिंडर की मांग लगातार बनी हुई है। ऐसे में एजेंसियों पर पूरा दिन लंबी लाइन लग रही हैं। इन सबके बीच शादी व समारोह के लिए व्यावसायिक सिलिंडर देने का काम मंगलवार को शुरू नहीं हो पाया। प्रशासन के पास अब तक करीब 30 लोग शादी समारोह में सिलिंडर के लिए अपना मांगपत्र दे चुके हैं।
शहर में मॉडल टाउन और सेक्टर-11-12 में पीएनजी की आपूर्ति की जा रही है। इसके अलावा औद्योगिक सेक्टर-25, 29 और पुराना औद्योगिक क्षेत्र में दी जा रही हैं। औद्योगिक इकाइयों में पीएनजी की आपूर्ति दी जा रही है। औद्योगिक इकाइयों में पिछले दिनों पीएनजी की 600 यूनिट तय की हैं। इससे अधिक पीएनजी प्रयोग करने पर दोगुना चार्ज लगाने के आदेश दिए गए हैं।
घरों में पीएनजी के साथ एलपीजी सिलिंडर भी ले रखा है। कुछ लोग पाइपलाइन से पीएनजी का प्रयोग करने के बाद भी एजेंसियों पर सिलिंडर लेने पहुंच रहे हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग इन पर नजर रखने के लिए कंपनियों से रिकॉर्ड मांगा है। डिलीवरी का मैसेज आ रहा सिलिंडर नहीं : गैस कंपनियों के डिलीवरी के मैसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दत्ता कॉलोनी की सीमा ने बताया कि उन्होंने तीन दिन पहले ऑनलाइन सिलिंडर बुक कराया था। पहले बुक करने का मैसेज आया। मंगलवार को पहले गोदाम से सिलिंडर निकलने व कुछ देर बाद सिलिंडर डिलीवर होने का मैसेज आया।