इसराना। बुआना लाखू गांव में पंचायत के तालाब पर किसी ग्रामीण ने कब्जा कर लिया था। वीरवार को प्रशासन ने पुलिस बल के साथ तालाब से कब्जा हटवाया। इस दौरान बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार अस्तित्व पाराशर ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर तालाब की जमीन से जेसीबी की मदद से नाजायज कब्जा हटवाया।
ग्राम सचिव जयभगवान ने बताया कि उक्त तालाब को ग्राम पंचायत ने एनजीटी को दिया हुआ है। एनजीटी तालाब में टैंक बनाने के लिए टेंडर भी कर चुकी है। तालाब पर घाट भी बनाया जाना है। तालाब की जमीन पर एक परिवार ने छप्पर डाल कर कब्जा किया हुआ था। कब्जा हटवाने गई टीम में एसईपीओ ज्योति देवी, सरपंच कुलदीप सिंह, ग्राम सचिव जयभगवान, पटवारी अमित हुड्डा शामिल रहे। ग्राम पंचायत सरपंच कुलदीप सिंह ने दूसरे पक्ष पर उसको व उसके भाई जगबीर को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। सरपंच कुलदीप सिंह ने मामले की शिकायत पुलिस को दे कर दूसरे पक्ष पर कार्रवाई करने की मांग की है।