मतलौडा में सवा एकड़ पंचायती जमीन पर कब्जे को लेकर उपजे विवाद के बाद प्रशासन हरकत में आया और प्रशासन ने रातोंरात सर छोटूराम भवन के नाम का लगा बोर्ड उखाड़ दिया।
डीसी ने दोनों पक्षों से अलग-अलग बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। दोनों पक्षों ने डीसी व एसपी के सामने अपनी-अपनी बात रखी।
वहीं मतलौडा थाना पुलिस ने पानीपत-सफीदों मार्ग पर जाम लगाने पर मतलौडा सरपंच अशोक देशवाल समेत करीब 30 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं कुछ दुकानदारों ने सोमवार को बाजार बंद रखा और इस तरह के विवाद के चलते पलायन तक कर जाने की चेतावनी दी। प्रशासन व पुलिस ने अधिकारिक जांच के बाद आगामी कदम उठाने का भरोसा दिया है।
मडलौडा में गत दिवस पंचायती जमीन विवाद को लेकर हुए मामले में उपायुक्त समीरपाल सरो और पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने सोमवार को लघु सचिवालय में प्रथम तल के सभागार में दोनों पक्षों के विचारों को सुना और निष्पक्ष कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
उपायुक्त समीरपाल सरो ने दोनों पक्षों से अपील की कि वे लोकतंत्र में कानून से ऊपर कोई नहीं हैं। अनुशासन तोड़ने की इजाजत किसी को भी नहीं दी जा सकती।
गांव में किसी भी तरह का तनाव का माहौल न बनाएं। किसी भी असामाजिक तत्व को न पनपने दें। शांति व्यवस्था बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
डीसी ने कहा कि इस मामले को लेकर अधिकारियों की कमेटी बनाई जाएगी। यह कमेटी गांव में जाकर वहां की स्थिति के बारे में जिला प्रशासन को रिपोर्ट करेगी।
इसके बाद ही जिला प्रशासन इस बारे कोई निर्णय लेगा। यह सरकारी जमीन है और इस पर किसी की व्यक्तिगत मलकीयत नहीं है। ऐसा कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा।
कानून की परिधि से बाहर कोई भी बात नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा ने कहा कि गांव में अच्छा माहौल तैयार करें। ऐसी बातों से अच्छा संदेश नहीं जाता। गांव का नाम बदनाम होता है। जिला प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम है।
प्रशासन द्वारा बोर्ड उखाड़ने पर तनावपूर्ण शांति
रविवार दिनभर चले ड्रामे के बाद शाम को हुई पत्थर बाजी से बढ़े तनाव के बाद पंचायती जमीन पर लगा बोर्ड पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा देर रात को उखाड़ लिया गया।
वह कस्बे में दिनभर तनावपूर्ण शांति बनी रही। बाजार के कुछ दुकानदारों ने सोमवार को अपनी दुकानें बंद रखी और रविवार के माहौल पर अफसोस व्यक्त किया।
दुकानदारों ने कहा कि ऐसी ही स्थिति रही तो वे प्लायन करने को मजबूर होंगे। वहीं सामने आया कि रविवार की पत्थरबाजी में कई बाराती भी घायल हो गए थे।
रविवार को हुई घटना के बाद पुलिस ने अनाजमंडी, बस अड्डा, सौ नंबर चौक व बाईपास पर पुलिस की चार टीमें तैनात कर दी हैं। जो दिनभर गश्त करती रही।
पुलिस ने सरपंच समेत 30 लोगों पर किया मुकदमा दर्ज
मतलौडा थाना पुलिस ने रविवार को पानीपत-सफीदों मार्ग पर जाम लगाने के आरोप में मतलौडा सरपंच अशोक देशवाल समेत 30 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मतलौडा एसएचओ राजेंद्र सिंह के बयान पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर परिवहन मंत्री ने बताया साजिश
परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्णलाल पंवार ने मतलौडा में सवा एकड़ पंचायती जमीन के मामले में उनका नाम लेने को साजिश करार दिया है और उनका किसी तरह का हाथ न होने की बात कही है।
कृष्णलाल पंवार ने बताया कि कुछ राजनैतिक लोग एक साजिश के तहत पानीपत व मतलौडा के भाईचारे को खराब कर रहे हैं। मतलौडा में पंचायती जमीन को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद राजनैतिक साजिश के तहत करवाया गया विवाद है।
इस विवाद में बेवजह उनका और उनके परिवार के लोगों का नाम घसीटा जा रहा है, जबकि हकीकत यह है कि वे उस वह खुद यमुनानगर में थे और उनके परिवार के किसी सदस्य का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। इस विवाद को लेकर प्रशासन पर भी उनका कोई दबाव नहीं था, बल्कि उन्होंने तो खुद इस मामले में प्रशासन से निष्पक्ष होकर न्यायसंगत कार्रवाई करने को कहा है।