पानीपत। नगर निगम ने चार दिन की ढील के बाद बुधवार को पुलिस के साथ अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पानी के तीन टैंकर समेत 170 कार व बाइक जब्त कर किए। इसके साथ ही करीब 20 रेहड़ी व अन्य सामान जब्त कर लिया।
नगर निगम के एक्सईएन गाेपाल कलावत की अगुवाई में बुधवार दोपहर 12 बजे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। टीम में नगर निगम के 50 और पुलिस के 40 कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस दो टाेइंग मशीन लेकर साथ चली। वहीं निगम की टीम में एक जेसीबी और आठ ट्रैक्टर-ट्राली शामिल थे। निगम व पुलिस की संयुक्त टीम ने जाटल रोड आठ मरला से मॉडल टाउन की दिशा में कार्रवाई शुरू की। मॉडल टाउन की सड़क पर दोनों तरफ से करीब 20 रेहड़ी और दुकानों के बाहर रखे काउंटर जब्त कर लिए। टीम ने रविंद्रा अस्पताल के बाहर खड़ी बाइकाें और कार जब्त कर ली। यहां से करीब 120 बाइक और 50 कार जब्त की। वाहन चालकों ने इसका विराेध किया। रमेश और जितेंद्र ने बताया कि वे अस्पताल में अपने जानकार से मिलने आए थे। यहां आसपास पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में उनको सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करनी पड़ी। निगम और पुलिस ने इनको जब्त कर लिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम अधिकारियों को पहले पार्किंग की व्यवस्था करनी चाहिए। इसके बाद ही इस तरह की कार्रवाई करनी चाहिए।
नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से हर कोई अचंभित हो गया। निगम ने माॅडल टाउन में सड़काें पर खड़े पानी के तीन टैंकर जेसीबी की मदद से ताेड़ दिए और दो को जब्त कर लिया। वहीं पिज्जा स्टाॅल संचालकों के काउंटर जब्त किए। इस सामान को जब्त कर निगम के हाली पार्क स्थित स्टोर में भेजा। वहीं पुलिस ने अपनी पार्किंग में खड़ा कर लिया। वाहन चालकों को निमयानुसार जुर्माना किया।