समालखा। थाना समालखा पुलिस टीम ने लिफ्ट लेकर बाइक सवार युवक के बैग से 24 हजार रुपये चोरी करने के आरोपी को शनिवार शाम को समालखा से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान खलीला गांव निवासी परमीत उर्फ बच्ची के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 12 हजार रुपये बरामद कर रविवार को पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। समालखा थाना प्रभारी गुलशन ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने चोरी की उक्त वारदात करना स्वीकारा। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशा करने का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए उसने चोरी की उक्त वारदात को अंजाम दिया। आरोपी चोरी की नकदी में से 12 हजार रुपये नशा करने में खर्च कर दिए। आरोपी परमीत का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। संवाद