समालखा। गांव गढ़ी छाजू के रहने वाले एक व्यक्ति ने गांव के ही कुछ युवकों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में मुकेश निवासी गांव गढी छाजू ने बताया कि 30 अप्रैल की रात सवा दस बजे गांव के ही आठ-नौ लोग अचानक घर में उसके कमरे में घुस आए और जातिसूचक शब्दों कहते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी उसे घसीटते हुए बाहर ले आए। इस दौरान उसकी भतीजी रीतू बाहर आई और डर के मारे चिल्लाने लगी तो आरोपियों ने उसकी भी पिटाई कर दी। शोर सुनकर उसका भाई प्रवीन सहित ग्रामीण इकट्ठा हो गए। जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।