पानीपत। सीआईए-1 टीम ने राहगीरों से लूटपाट के आरोपी कुराना निवासी गौरव को सोमवार को पेप्सी पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने तीन वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। सीआईए-1 प्रभारी संदीप ने बताया कि उनकी टीम को सोमवार शाम को सूचना मिली थी कि एक युवक पेप्सी पुल के पास आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी युवक गौरव उर्फ गोरा ने बताया कि उसने आरोपी ने अपने तीन अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर 19 सितंबर की देर शाम परढाना गांव में तालाब के नजदीक पैदल जा रहे दो युवकों से मारपीट कर चाकू की नोक पर एक मोबाइल फोन लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। इसके साथ ही दो अन्य वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। मंगलवार को पूछताछ बाद आरोपी को अदालत में पेश किया चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान आरोपी अन्य साथी आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर काबू करने का प्रयास किया जाएगा। ब्यूरो