पानीपत। थाना औद्योगिक सेक्टर-29 पुलिस क्षेत्र की एक कॉलोनी से फरवरी 2010 में तीन वर्षीय एक बच्ची को भीख मंगवाने के लिए उठाकर ले जाने वाले आरोपी को यूपी की कासगंज जेल प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। आरोपी 14 साल से फरार चल रहा था। उसको उत्तर प्रदेश की कासगंज पुलिस ने हाल में अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ करने के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
थाना औद्योगिक सेक्टर 29 प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि गत एक मई को आरोपी राम अवतार आर्म्स एक्ट के मामले में यूपी के कासगंज में पकड़ा गया। आर्म्स एक्ट के मामले में आरोपी कासगंज जेल में बंद था। बीते दिनों थाना औद्योगिक सेक्टर 29 पुलिस को इस बारे सूचना मिली। पुलिस टीम मंगलवार को आरोपी को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई थी। पूछताछ में आरोपी राम अवतार निवासी ताजपुर गांव, एटा उत्तर प्रदेश ने बताया कि उसने फरवरी 2010 में बच्ची को अगवा किया था। वह बच्ची से भीख मंगवाना चाहता था। वह पानीपत में पुराना औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी में अपने दोस्त के पास आया था। जिस मकान में उसका दोस्त रहता था। उसने उस मकान मालिक की बेटी को अगवा किया था।