पानीपत। एक दिन पहले हुई कहासुनी को लेकर एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड पर कंपनी के ही कुछ कर्मचारियों ने तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। जिसके बाद गार्ड ने पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर ददी है।
भोड़वाल माजरी निवासी संदीप ने सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गोल्डन फ्लौरा कंपनी में बतौर एसओ सिक्योरिटी की पोस्ट पर कार्यरत है। शनिवार सुबह करीब पांच बजे जब वह कंपनी में गश्त के लिए गया तो बीसीएफ खाते में मशीन नंबर तीन पर काम कर रहे सुरेंद्र व छोटे लाल ने उसे आवाज देकर अंदर बुलाया। वह गया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। जब वह वहां से निकलने लगा तो आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। उसने इसकी शिकायत डॉयल 112 पुलिस को दी। पुलिस ने जांच की तो आरोपियों से तेज धार हथियार भी मिले। इसके बाद उसने अपना इलाज सामान्य अस्पताल में कराया।