पानीपत। दो शातिर ठगों फैक्टरी में काम करने वाली एक महिला से उसके जेवर और 300 रुपये की नकदी ठग ली। उन्होंने महिला की आंखें बंद करवा उससे नकदी और जेवर ले लिए। जब महिला ने आंखें खोली तो ठग फरार हो चुके थे।
शिव चौक सब्जी मंडी निवासी गुड्डो ने थाना चांदनी बाग पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फैक्ट्री में काम करके अपनी परिवार का पालन पोषण करती है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह फैक्ट्री जा रही थी। रास्ते में सनौली चौक पर भीम गोडा मंदिर के पास दो अंजान लोगों ने उससे कहा कि वे काफी पहुंचे हुए आदमी हैं। वे सभी के दुख दर्द, कष्ट दूर करने वाले हैं। वह उनकी बातों में आ गई। उसने उनके कहे अनुसार आंखें बंद कर ली और उनके कहने पर उनको अपने कानों के सोने के कुंडल, चांदी की अंगूठी और नकद 300 रुपये तक दे दिए। आंखें खोली तो दोनों ठग उसके पैसे और जेवर लेकर भाग गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।