पानीपत। एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस की टीम ने असंध रोड नाका पर नाकाबंदी कर एक नशा तस्कर को नौ ग्राम स्मैक सहित गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर नशा तस्कर की आपूर्ति करने वाले को भी गिरफ्तारकर लिया।
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि उनकी टीम को सोमवार को सूचना मिली कि गांधी कॉलोनी निवासी अभिजीत उर्फ अभि मादक पदार्थ लेकर बेचने के लिए दिल्ली पैरलल नहर के साथ लगते रिफाइनरी रोड से होते हुए असंध नाका की तरफ आ रहा है। पुलिस टीम ने असंध नाका पर नाकाबंदी कर संदिग्ध युवकों पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर पश्चात रिफाइनरी पुल की ओर से एक युवक पैदल आते हुए दिखाई दिया। युवक पास आने पर सामने खड़ी पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान अभिजीत उर्फ अभि निवासी गांधी कॉलोनी के रूप में हुई। आरोपी ने पुलिस को बताया स्मैक उसने गांधी कॉलोनी निवासी लक्की से कम कीमत पर खरीदी थी। वह स्मैक को आस पास के क्षेत्र में बेचकर शार्टकट तरीके से पैसे कमाना चाहता था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नशा तस्कर आरोपी लक्की को भी गिरफ्तार किया। थाना पुराना औद्योगिक में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।