पानीपत। सीआईए-3 ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन सहित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 350 नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए हैं। इनमें दो सौ बुप्रेनॉफिन व 150 फेनीरामिने मेलटी नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शन शामिल हैं। आरोपी की पहचान ईश्वर उर्फ बिल्ला निवासी कुहाड़ पाना समालखा के रूप में हुई। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
सीआईए-3 प्रभारी इंस्पेक्टर अंकित ने बताया कि उनकी शनिवार देर शाम थाना समालखा क्षेत्र में गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि संदिग्ध किस्म का युवक रेलवे रोड की तरफ से पैदल बस अड्डे की ओर आ रहा है। युवक बस से पानीपत जाएगा। युवक के पास भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन होने की आशंका है। पुलिस ने समालखा बस अड्डे से पीठू बैग लिए संदिग्ध युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान ईश्वर उर्फ बिल्ला पुत्र हंसराज निवासी कुहाड़ पाना समालखा के रूप में बताई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शार्टकट तरीके से पैसे कमाने की चाहत में कुछ दिन पहले 350 नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शन यूपी के कैराना से एक युवक से 25 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। शुक्रवार को बेचने के लिए समालखा से पानीपत जा रहा था।