समालखा। पिछले 10 दिनों से बिजली संकट से जूझ रहे समालखा के चुलकाना, छदिया और किवाना गांवों के ग्रामीणों के सब्र का बांध शनिवार को टूट गया। तीनों गांवों के लोग चुलकाना अड्डे पर एकत्रित हुए और यहां से समालखा पावर हाउस गए। ग्रामीणों ने समालखा पावर हाउस में हंगामा किया। इस दौरान बिजली निगम और सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने अधिकारियों को पावर हाउस पर ताला जड़ने की चेतावनी भी दी। बिजली अधिकारियों को पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया। समालखा एसडीओ मौके पर पहुंचे। एसडीओ हिम्मत सिंह ने ग्रामीणों को तीनों गांवों में बिजली सुचारु करने का आश्वासन दिया।
छदिया गांव के पूर्व सरपंच सतनारायण शर्मा ने बताया कि नेस्ले के पास पांच जुलाई बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे छदिया 33 केवी पावर सबस्टेशन का केबल बॉक्स फट गया था। 33 केवी मनाना सब स्टेशन पावर हाउस का जंफर उड़ने से चार गांवों चुलकाना, छदिया, किवाना और मनाना में ब्लैकआउट हो गया था। उसे बिजली निगम ने दो दिन में ठीक किया। लाइट फिर भी सुचारु नहीं हुई। 33 केवी पावर सब स्टेशन मनाना से लिंक लाइन से सप्लाई चालू करने का फैसला लिया गया ताकि आपात स्थिति में 33 केवी पावर सब स्टेशन छदिया में खराबी आने पर मनाना सब स्टेशन से सप्लाई चालू की जा सके। लोड ज्यादा होने से तार टूट गया। इसके बिजली गुल हो गई।
चुलकाना निवासी सतीश छौक्कर, अजब सिंह, सोनू शर्मा, बेदु गुज्जर, ओम प्रकाश, सतबीर, प्रमोद, बल्ली छौक्कर, राजेश पंडित, महाबीर, भीम सैनी, काला गुज्जर, अशोक, बिजेंद्र, सुशील मास्टर, राजेश पंडित ने कहा पिछले करीब 10 दिनों से हजारों ग्रामीण पीने के पानी और पशुओं के चारे को लेकर दिक्कत झेल रहे हैं। बच्चे रात में सो नहीं पाते, जिससे उनकी शिक्षा पर भी बुरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर चुलकाना गांव की लाइट का स्थायी समाधान न हुआ तो रविवार से समालखा पावर हाउस में ताला लगा देंगे और शहर व अन्य गांवों में जाने वाली लाइट भी बंद कर देंगे।
बिजली निगम के एसडीओ हिम्मत सिंह ने कहा कि तीनों गांवों में अलग-अलग चरणों में बिजली दी जा रही है। नेस्ले के पास 33 केवी पावर सब स्टेशन की केबल ठीक की गई है। बिजली की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।